KBHARAT Times, Bikaner
बीकानेर, उद्यानिकी फसलों में खरपतवार नियन्त्रण, जल के कुशलतम उपयोग एवं फसल उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाए जाने और प्लास्टिक मल्चिंग के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए उद्यान विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन संरक्षित खेती के तहत प्लास्टिक मल्च की स्थापना पर किसानों को लागत का 50 प्रतिशत अधिकतम राशि 20 हजार रुपए प्रति हैक्टेयर की दर से अनुदान उपलब्ध करवाया जाएगा। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत ने बताया कि एक लाभार्थी को अधिकतम 2 हैक्टेयर क्षेत्र के लिए प्रोरेटा बेसिस पर अनुदान उपलब्ध कराया जा सकता है। सर्वप्रथम इस योजना का लाभ उन कृषकों को प्राथमिकता से दिया जाएगा, जिनको पूर्व में लाभान्वित नहीं किया गया है। इस योजना का लाभ वर्ष 2025-26 में लाभान्वित कृषकों को नहीं दिया जाएगा।
किसानों को इस योजना से लाभान्वित होने के लिए उद्यान विभाग द्वारा अनुबंधित फर्मस से उद्यानिकी फसलों में प्लास्टिक मल्च उपयोग करने पर प्रति हेक्टेयर प्रयोग की गई मल्च शीट की लागत 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर या अनुबंधित फर्म्स की दर दोनों मे से जो भी कम हो, का 50 प्रतिशत अनुसार अनुदान के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। अनुसूचित क्षेत्रों के मामले में मल्च शीट की इकाई लागत 15 प्रतिशत अधिक होगी।
उपनिदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी श्री प्रेमाराम ने बताया कि जिले में 70 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सामान्य किसानों को 50 हैक्टेयर क्षेत्रफल व अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को 20 हैक्टेयर क्षेत्रफल में प्लास्टिक मल्चिंग का लाभ दिया जाना है। इस हेतु पात्र किसानों से राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन पत्रावलियां आमंत्रित है। इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अधिकारी या स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक उद्यान से संपर्क कर सकते हैं।

0 Comments