गर्भवती महिलाओं को मिलेगा आयुर्वेदिक जीवनशैली व स्वास्थ्य मार्गदर्शन

KBHART Times, Bikaner



*राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय में गर्भ संस्कार इकाई एवं नियमित टीकाकरण सत्र शुरू*

बीकानेर, गोगागेट स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गर्भ संस्कार इकाई एवं टीकाकरण सत्र का शुभारम्भ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र तनेजा, जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत, उप निदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक तथा उपाधीक्षक डॉ. ज्योति चावला ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर आंचल प्रसूता केन्द्र की ओर से गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार की निःशुल्क किट अतिथियों द्वारा वितरित की गई।

जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नवाचार के रूप में चिकित्सालय में प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को टीकाकरण सत्र प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने बताया कि इस पहल से गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं टीकाकरण सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

डॉ. कुसुम शर्मा ने गर्भ संस्कार विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि नवस्थापित गर्भ संस्कार इकाई में प्रत्येक गुरुवार को गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, दिनचर्या, आयुर्वेदिक जीवनशैली, आहार-विहार तथा योगाभ्यास के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इकाई का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वस्थ शिशु के जन्म के लिए आवश्यक जागरूकता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में स्वस्थ मां एवं स्वस्थ संतान के निर्माण के माध्यम से स्वस्थ समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन आंचल प्रसूता प्रभारी एवं प्रसूति तथा स्त्री रोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. रेणुबाला स्वामी, डॉ. राज क्रिन्ति, डॉ. संजू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रभारी, चिकित्सालय के कर्मचारी एवं गर्भवती महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel