कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 6 अगस्त।जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर (शहर) के प्रवक्ता भीखाराम मेघवाल ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के बीकानेर में राज्य-स्तरीय स्वतंत्रता समारोह से पहले शहर में प्रशासन और नगर निगम द्वारा केवल दिखावटी सफाई और लिपापोती की जा रही है, जबकि बीकानेर की जनता लंबे समय से मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है और नगर निगम की लगातार नाकामी के कारण हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
मेघवाल ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं, नियमित सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं तथा सीवरेज सिस्टम पूरी तरह अव्यवस्थित है। इन समस्याओं के कारण आमजन को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन नगर निगम की निष्क्रियता और लापरवाही के चलते कोई स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए केवल मुख्य मार्गों की मरम्मत, रंग-रोगन और सफाई कर वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। यह जनता की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि केवल लिपापोती है।
चुनावों के समय रोड़ शो के दौरान बेरीकेट्स के गड्ढे ढाई साल बाद भरें है।
भीखाराम मेघवाल ने मांग की कि प्रशासन और नगर निगम केवल वीआईपी कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय पूरे शहर में सड़क, सफाई, नाली और सीवरेज व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करे, ताकि बीकानेरवासियों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनता दिखावटी कार्यों से नहीं, बल्कि वास्तविक विकास, जवाबदेही और बेहतर नागरिक सुविधाओं की अपेक्षा रखती है।

0 Comments