कं भारत टाइम्स, जयपुर/बीकानेर
75 वर्षों की गौरवशाली विधायी यात्रा को रेत की कलाकृति में किया साकार, विधानसभा परिसर में बना आकर्षण का केंद्र
जयपुर, 15 जुलाई। राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “अमृत महोत्सव – विधायी गौरव यात्रा” के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट एवं नेशनल सैंड आर्ट पार्क, पुष्कर के संस्थापक अजय रावत ने राजस्थान विधानसभा परिसर में विधानसभा के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह पर आधारित एक भव्य एवं आकर्षक सैंड आर्ट का निर्माण किया।
विशेष रूप से तैयार की गई इस सैंड आर्ट में राजस्थान विधानसभा के ऐतिहासिक भवन, विधानसभा के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह तथा “अमृत महोत्सव – विधायी गौरव यात्रा, सुस्वागतम” संदेश को अत्यंत कलात्मक और आकर्षक रूप में उकेरा गया है। यह कलाकृति राजस्थान की समृद्ध लोकतांत्रिक परंपरा, संसदीय मूल्यों और विधानसभा की 75 वर्षों की गौरवशाली विधायी यात्रा को समर्पित है।
अजय रावत ने बताया कि इस सैंड आर्ट के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मान का संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा की ऐतिहासिक उपलब्धियों और लोकतांत्रिक परंपराओं को कला के माध्यम से प्रस्तुत करना उनके लिए गर्व का विषय है।
विधानसभा परिसर में स्थापित यह सैंड आर्ट जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग इस कलाकृति को देखकर इसकी कलात्मकता की सराहना कर रहे हैं तथा स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अजय रावत अपनी रेत कला के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक विषयों पर जागरूकता का संदेश दे चुके हैं। उनकी कलाकृतियां पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक सरोकारों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए विशेष पहचान रखती हैं। राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव पर तैयार की गई यह सैंड आर्ट भी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता और सम्मान का सशक्त प्रतीक बनकर उभरी है।

0 Comments