BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज़ पोर्टल्स का आयोजन, 10वीं-12वीं बोर्ड की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया सम्मानित

 KBharat Times, बीकानेर



बीकानेर, 12 जुलाई। एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज़ पोर्टल्स, बीकानेर के तत्वावधान में रविवार को आयोजित 'जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026' गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि रामजी व्यास (बेसिक पीजी कॉलेज) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।

विशिष्ट अतिथि राजेश चुरा ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी भविष्य में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

शास्त्री राजेंद्र किराड़ू ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया, जबकि ज्योतिषाचार्य अनिल पुरोहित ने सकारात्मक सोच, समय के सदुपयोग और कठोर परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताया।

एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज़ पोर्टल्स, बीकानेर के अध्यक्ष मनोज व्यास ने कहा कि संस्था शिक्षा, समाजसेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया एक महत्वपूर्ण निवेश है।

इस अवसर पर पत्रकार दिलीप गुप्ता, प्रकाश सामसूखा, नीरज जोशी, आनंद आचार्य, विनय थानवी, सतवीर बिश्नोई, सुमित विश्नोई, सुमिस्ता विश्नोई, मूलचंद रामावत, वीरेंद्र आभानी, पी.के. मोदी, उमेश पुरोहित, योगेश खत्री एवं भवानी व्यास सहित अनेक पत्रकार, अभिभावक, विद्यार्थी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पचीसिया, बेसिक पीजी कॉलेज के अमित व्यास एवं सावन पारीक सहित एडिटर एसोसिएशन से जुड़े सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन ज्योति रंगा ने किया। अंत में अतिथियों का अभिनंदन, धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ।

 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel