KBharat Times, बीकानेर
बीकानेर, 9 जुलाई। रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की पुरानी एवं अत्यधिक गहराई में पहुंच चुकी जल पाइपलाइनों को बदलने तथा अतिरिक्त पानी की टंकी (सीडब्ल्यूआर) और पम्प हाउस निर्माण के लिए राज्य सरकार से अनुशंसा करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में जल वितरण पाइपलाइन लगभग 20 से 25 वर्ष पूर्व बिछाई गई थी। समय-समय पर सड़कों का स्तर ऊंचा होने से ये पाइपलाइन अब 8 से 10 फीट गहराई तक पहुंच गई हैं। साथ ही पाइपलाइन पुरानी होने के कारण बार-बार टूट-फूट और लीकेज की समस्या बनी रहती है, जिससे जलापूर्ति बाधित होने के साथ-साथ गंदे पानी की शिकायतें भी सामने आती हैं।
उद्योग संघ के अनुसार रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 200 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां करीब 10 हजार श्रमिक एवं उनके परिवार निवास करते हैं। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना भी चुनौती बन जाता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में यह औद्योगिक क्षेत्र शहर की आबादी से जुड़ चुका है तथा आसपास अनेक नई कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। इसके बावजूद पिछले दो दशकों से यहां नई पानी की टंकी (सीडब्ल्यूआर) और पम्प हाउस का निर्माण नहीं हुआ है। परिणामस्वरूप क्षेत्र में कम जलदाब और अपर्याप्त जलापूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है।
उद्योग संघ ने बताया कि रीको द्वारा रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में सड़क एवं सीवरेज सुधार कार्यों के लिए 17 करोड़ रुपये की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से पहले नई जल पाइपलाइन बिछाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में नई सड़कों की खुदाई कर दोबारा नुकसान न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने उद्योग संघ को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही संबंधित विभाग के मंत्री से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

0 Comments