कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 31 जुलाई | श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, आत्मिक शांति तथा सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'हीलिंग 7 चक्र गाइडेड मेडिटेशन' विषय पर एक प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में कुल 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें कक्षा 9 से 12 तक के 250-250 विद्यार्थियों के दो सत्रों में विभाजित कर रामामृतम ध्यान करवाया गया।
सत्र का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी, प्रबंधक श्री विश्वजीत गौड़, उपस्थित शिक्षकगण तथा मुख्य अतिथि जैन दर्शन के भक्ति व उपदेशक भजनों के सुप्रसिद्ध यूट्यूब चैनल थव्व थुई मंगलम् की संस्थापक सुश्री अल्का डागा एवं उनकी टीम द्वारा दीप प्रज्वलन, नवकार महामंत्र एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
श्री मज्जैनाचार्य रामलाल जी महाराज साहब एवं उपाध्याय प्रवर श्री राजेश मुनि जी महाराज साहब की अनुयायी, सुश्री अल्का डागा (प्रतिष्ठित समाजसेवी, आध्यात्मिक मार्गदर्शिका)ने विद्यार्थियों को ध्यान (मेडिटेशन) तथा शरीर के सात ऊर्जा केंद्रों (सात चक्रों) के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि जब ये सातों चक्र संतुलित होते हैं, तब व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, एकाग्रता, करुणा, मानसिक शांति तथा स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है।
इसके पश्चात उन्होंने गाइडेड मेडिटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को क्रमशः मूलाधार, स्वाधिष्ठान, मणिपुर, अनाहत, विशुद्धि, आज्ञा एवं सहस्रार चक्रों के संतुलन का अभ्यास कराया तथा प्रत्येक चक्र के संतुलित होने से जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तनों एवं लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सत्र का समापन 'रामामृतम् स्तुति' के साथ हुआ, जिसमें समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के लिए शांति, मंगल एवं कल्याण की मंगलकामना की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी ने मुख्य अतिथि एवं उनकी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ध्यान एवं सात चक्रों का नियमित अभ्यास अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर अपने वर्तमान और भविष्य को अधिक संतुलित, सकारात्मक एवं सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि सुश्री अल्का डागा का मोतियों की माला, शॉल एवं आकर्षक स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर शालाध्यक्ष श्री विजय कुमार कोचर, सचिव सीए माणक चंद कोचर तथा सीईओ सीमा जैन ने विद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मिक शांति एवं भावनात्मक संतुलन को समर्पित इस प्रेरणादायी सत्र के आयोजन हेतु मुख्य अतिथि एवं उनकी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

0 Comments