KBHARAT Times, Bikaner
*राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत पहली बार 306 लाख रू की कार्य योजना स्वीकृत*
*सामान्य श्रेणी में स्वीकृतियां जारी व अनुसूचित जाति श्रेणी में ओर आवेदन आमंत्रित*
बीकानेर, 21 सितम्बर। उद्यान विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत बागवानी फसलों के लिए जीवन रक्षक सिंचाई सुनिश्चित करने हेतु वर्षा जल संग्रहण, संरक्षण के उद्देश्य से सामुदायिक जल स्रोत निर्माण पर कृषक समूहों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि अंतर्गत जिले में पहली बार 306 लाख रुपये की कार्ययोजना प्राप्त हुई है। सामान्य श्रेणी में प्राप्त आवेदन के विरुद्ध स्वीकृतियां व कार्यादेश जारी करने का कार्य प्रगति पर है वहीं अनुसूचित जाति श्रेणी वर्ग में कृषकों से पुनः आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि 4 बीघा क्षेत्रफल के जल स्रोत निर्माण की इकाई लागत 24 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर 75 प्रतिशत (अधिकतम 18 लाख रुपये) का अनुदान देय होगा। सामान्य वर्ग के लिए 8 लक्ष्य हेतु कार्यादेश जारी करने का कार्य प्रगति पर है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 10 लक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिनके विरुद्ध पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं होने की स्थिति में पुनः आवेदन आमंत्रित किया जा रहे हैं। अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदक राज किसान पोर्टल पर पत्रावली ऑनलाइन कर सकते हैं तथा योजना का लाभ 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दिया जाएगा। अनुसूचित जाति श्रेणी में पत्रावलियां प्राप्त होते ही तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर किसानों को योजना का लाभ दिया जाना है।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक जल स्रोत के लिए कम से कम तीन कृषकों का समूह तथा एक स्थान पर 40 बीघा भूमि होना आवश्यक है। कम भूमि होने पर क्षेत्रफल के अनुपात में छोटे आकार का जल स्रोत बनाकर अनुदान दिया जा सकेगा।
उप निदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम ने बताया कि आवेदन के साथ छह माह से अधिक पुरानी नहीं होने वाली जमाबंदी और नक्शा ट्रेस ऑनलाइन अपलोड करना होगा। जल स्रोत निर्माण के बाद सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के साथ उद्यानिकी फसलों की खेती करना अनिवार्य होगा।
निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार 90 दिनों में पूरा करना होगा तथा सुरक्षा संबंधी सभी प्रावधानों की पालना करनी होगी।

0 Comments