कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 10 अगस्त। सावन मास के पावन अवसर पर नीलकंठ कांवड़ यात्री संघ, रामपुरा के तत्वावधान में आयोजित 11वीं कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। संघ के 60 कांवड़िए रविवार सुबह करीब 6 बजे कोलायत से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा के लिए रवाना हुए। कांवड़ियों ने रामपुरा पहुंचकर राम कुटिया में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।
संघ के प्रकाश मंगलाव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस बार यात्रा में 6 महिलाओं ने भी कांवड़ उठाकर सहभागिता निभाई, जो यात्रा का विशेष आकर्षण रहा। वहीं, महज 7 वर्षीय बालक डूंगरराज भी कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुआ। नन्हे कांवड़िए के उत्साह और श्रद्धा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और वह पूरी यात्रा के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।
कांवड़ यात्री संघ के सुनील सुथार ने बताया कि यह संघ की 11वीं कांवड़ यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक यात्रा श्री अजरानंद जी भारती जी के सानिध्य में प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। यात्रा के दौरान शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग में वातावरण बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
रामपुरा पहुंचने पर कांवड़ियों का जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। रामपुरा बाजार में सभी कांवड़ियों का विश्वजीत पंवार द्वारा सम्मान किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया और भगवान शिव के जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की धुन पर बाबा भोलेनाथ के मधुर भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शिवभक्त भजनों पर झूमते हुए और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा के राम कुटिया पहुंचने पर पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। इस अवसर पर डॉक्टर रामदेव अग्रवाल ने फूल बरसा व प्रसाद वितरण भी किया
आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य सावन मास में शिव आराधना के साथ श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। 11वीं कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन से संघ के सदस्यों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।

0 Comments