नापासर थाने में रक्षाबंधन का अनूठा आयोजन बहनों ने पुलिस जवानों को बांधी राखी, पुलिस ने लिया सुरक्षा और विश्वास का संकल्प

 कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बीकानेर जिले के नापासर थाने में शुक्रवार को भाई-बहन के प्रेम के साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सुरक्षा के रिश्ते को मजबूत करने वाला विशेष आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छोटी-छोटी बहनों ने थानाधिकारी सहित पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु और सफलता की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी बहनों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए हर परिस्थिति में उनकी मदद और सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेटियों में सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता का संदेश देने का माध्यम भी बना।

थानाधिकारी कविता पुनिया ने उपस्थित बेटियों को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच, महिला हेल्पलाइन नंबरों तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बेटियों को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में डरने या झिझकने की आवश्यकता नहीं है और वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। बेटियों को यह भरोसा होना चाहिए कि किसी भी मुश्किल समय में पुलिस उनके साथ खड़ी है। कार्यक्रम के दौरान बहनों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली और पुलिस द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की भी जानकारी दी गई।

इस दौरान पुलिसकर्मियों और उपस्थित बहनों ने महिला सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर शपथ भी ली तथा समाज में महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में अनुराधा रामावत, निकिता जोशी, रानू स्वामी, परी, हार्दिका गोड़, श्रीयंसा गोड़, गिरीशा बाहेती, पीहू रामावत, कशिश रामावत, मांशी, सुप्रिया, वसुंधरा स्वामी और रुचिका पांडिया सहित अन्य बहनें मौजूद रहीं। वहीं पुलिस विभाग की ओर से एएसआई कविंद्र कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, एचएम शक्ति सिंह सहित अन्य पुलिस जवान उपस्थित रहे।

रक्षाबंधन के इस अवसर पर नापासर थाने में स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का सुंदर संदेश देखने को मिला, जहां बहनों ने पुलिस जवानों को भाई मानकर राखी बांधी और पुलिस ने उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel