कं भारत टाइम्स, बीकानेर
27 सितंबर से रेलवे ग्राउंड में होगा टेनिस बॉल क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला, 50 से 60 टीमों के शामिल होने की संभावना
बीकानेर। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग (GGPL)-2026 की रविवार को होटल उत्सव में विधिवत घोषणा की गई। राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के युवा क्रिकेट खिलाड़ी, खेल प्रेमी, गणमान्य एवं प्रबुद्धजन तथा पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महर्षि गौतम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग-2026 के क्रिकेट टूर्नामेंट के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में टूर्नामेंट को लेकर विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा एवं टूर्नामेंट संयोजक वासुदेव उपाध्याय ने बताया कि श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग-2026 का भव्य शुभारंभ 27 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे बीकानेर के रेलवे ग्राउंड में किया जाएगा। टूर्नामेंट में बीकानेर जिले की युवा शक्ति टेनिस बॉल क्रिकेट के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए टीमों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा, जबकि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के मुकाबलों के निर्धारण के लिए टीम लॉटरी की प्रक्रिया भी आयोजित की जाएगी।
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
आयोजकों के अनुसार श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग को लेकर बीकानेर जिले के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जिस प्रकार से युवा खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी टूर्नामेंट में रुचि दिखा रहे हैं, उसे देखते हुए जिलेभर से लगभग 50 से 60 टीमों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति द्वारा एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी के माध्यम से टूर्नामेंट की विभिन्न व्यवस्थाओं और आगामी तैयारियों की जिम्मेदारी समाज के युवाओं को सौंपी जाएगी। आयोजन समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।
मनीष जाजड़ा का किया स्वागत और अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मनीष जाजड़ा का समाज के युवाओं एवं गणमान्यजनों ने गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने जाजड़ा को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बीकानेर जिले से आए युवा खिलाड़ियों और समाज के लोगों ने आयोजन को लेकर अपने विचार भी व्यक्त किए और जीजीपीएल-2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बिरजू प्यार, अमित जोशी, रविंद्र जाजड़ा, रामेंद्र शर्मा, जयराम उपाध्याय, प्रहलाद जोशी, संदीप उपाध्याय, रामदेव उपाध्याय, वासुदेव उपाध्याय, राजू चानी सहित बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महादेव उपाध्याय ने सभी अतिथियों, युवा खिलाड़ियों, गणमान्यजनों एवं खेल प्रेमियों का हृदय से स्वागत करते हुए आयोजन में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

0 Comments