BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

वंदेमातरम टीम के सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में नवग्रह पूजन का नवाचार, 11 हजार पाठ का किया आह्वान

कं भारत टाइम्स, बीकानेर

विमर्शानंद महाराज बोले— नवग्रह पूजन और हनुमान भक्ति से दूर होते हैं जीवन के संकट, सनातन संस्कृति से जोड़ने का लिया संकल्प


 

बीकानेर, 15 जुलाई । वंदेमातरम टीम द्वारा प्रत्येक मंगलवार आयोजित किए जाने वाले सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की नौवीं कड़ी मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। हिंदू जागृति एवं विश्व कल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में इस बार विशेष नवाचार करते हुए नवग्रह पूजन भी कराया गया। नवग्रह पूजन का विधिवत अनुष्ठान पंडित गिरीश चंद्र शर्मा ने संपन्न कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:30 बजे प्रसिद्ध भजन गायक नलिन शर्मा के संगीतमय भजनों से हुई। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे। इस दौरान सूरज राठौड़ ने विशेष प्रस्तुति दी, वहीं वंदना सारवाल ने भी अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुधा आचार्य के शंखनाद एवं शिवबाड़ी मठ के महंत विमर्शानंद गिरि महाराज के गुरु पूजन के साथ हुआ। समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कन्हैयालाल पांडे तथा व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वंदेमातरम टीम के विजय कोचर, मुकेश जोशी, तरुण गुरेजा, पुरुषोत्तम सुथार, सत्यदेव शर्मा, नरसिंह भाटी, नरेश एवं शिवदयाल उपाध्याय ने अतिथियों का कुमकुम तिलक, माला, रामनाम दुपट्टा एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।

श्रद्धालुओं का तिलक कर स्वागत सपना तिवाड़ी एवं सूरज राठौड़ ने किया, जबकि जसोदा खत्री, सुमित्रा सैन और बसंती साध ने पुष्पवर्षा कर भक्तों का अभिनंदन किया।

11 हजार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की तैयारियां शुरू

कार्यक्रम के दौरान वंदेमातरम टीम की आगामी ग्यारहवीं कड़ी में 11 हजार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किए जाने की घोषणा की गई। इसकी विस्तृत जानकारी राधा खत्री एवं कमल सैन ने श्रद्धालुओं को दी और अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

'हनुमान हर जगह विद्यमान हैं' — विमर्शानंद महाराज

महंत विमर्शानंद गिरि महाराज ने अपने आध्यात्मिक प्रवचन में कहा कि भगवान हनुमान सर्वव्यापी हैं। उन्होंने चना, गुड़ और गुलाब का उदाहरण देते हुए बताया कि ईश्वर प्रत्येक कण में विद्यमान हैं, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने की है। उन्होंने कहा कि नवग्रह पूजन से जीवन के अनेक संकट दूर होते हैं और श्रद्धा एवं भक्ति से व्यक्ति का जीवन सुखमय बनता है।

बच्चों को अध्यात्म से जोड़ना समय की आवश्यकता

व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही सही-गलत का ज्ञान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि माता-पिता स्वयं आदर्श बनें और बच्चों को अध्यात्म एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ें। यदि अभिभावक स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाएंगे, तभी वे नई पीढ़ी को सही दिशा दे सकेंगे।

सनातन धर्म हमारी शक्ति है

वंदेमातरम टीम के विजय कोचर ने कहा कि टीम के सभी पदाधिकारी नशामुक्त जीवन का पालन करते हैं, जो समाज के लिए प्रेरणा है।

कार्यक्रम संयोजक तरुण गुरेजा ने श्रद्धालुओं से प्रत्येक मंगलवार किसी भी मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब युवा अध्यात्म की ओर बढ़ेगा, तभी उसका चरित्र निर्माण होगा।

मातृशक्ति अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि सनातन धर्म केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्ति का आधार है। उन्होंने कहा, "सम्मान की चिंता ना अपमान का भय, सनातन धर्म की रक्षा मेरा निश्चय", और सभी से धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में नरेश गुरेजा ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अखिलेश प्रताप सिंह, कमल गुरेजा, मिंटू सक्सेना, संजय गुप्ता, बिंदु सुरोलिया, ममता पारीक, मंजू पारीक, नलिन सारवाल, मुकेश जोशी, शिवदयाल उपाध्याय, पुरुषोत्तम सुथार, कमल सैन, मनोहर खीचड़, मूलचंद स्वामी, भवानी सुथार, जितेन्द्र सिंह खींवसर, राकेश पाल, राजेंद्र रामपुरिया, आनंद जोशी, कन्हैयालाल पंवार, नरसिंह भाटी, मांगीलाल सुथार, गोविंद राठी, रामेश्वर सोनी, सुरेश गुप्ता, आनंद गोड़, उर्मिला गुप्ता, कविता यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel