BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

स्मार्ट मीटर कंपनी के कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक की उपचार के दौरान मौत परिजनों ने वरिष्ठ अधिकारी पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे

कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर, 15 जुलाई । बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कार्यालय में स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक की पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक लगभग 40 प्रतिशत तक झुलस गया था। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और वे कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल युवक के शरीर पर पानी डालकर आग बुझाई तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे युवक को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पहचान लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि वह करीब एक वर्ष से स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी में कार्यरत था और उसे लगातार एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

युवक की मौत के बाद परिजन और समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए तथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस एवं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel