श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर की छात्रा सानवीका ने ताइक्वांडो ओपन स्टेट चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

 KBT Times, Bikaner

 



बीकानेर/  श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर की छात्रा सानवीका ने सुजानगढ़ (जिला चूरू) में आयोजित ताइक्वांडो ओपन स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) हासिल किया। सानवीका की इस उपलब्धि से उनके विद्यालय, परिवार और बीकानेर शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सानवीका ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह मुकाम हासिल किया। उनकी यह सफलता निरंतर अभ्यास, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।

सानवीका की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि बेटियां आज शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। जरूरत है कि समाज बेटियों को बराबरी का अवसर, प्रोत्साहन और सम्मान दे। जब बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलते हैं, तो वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करती हैं।

सानवीका के पिता कामरेड सुंदरलाल बेनीवाल और माता डॉक्टर सीमा जैन जन आंदोलनों में सक्रिय रहते हुए सामाजिक समानता और न्याय के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। उनका मानना है कि समतामूलक समाज की सोच ही बेटियों को समानता और सम्मान की दृष्टि से देखने का आधार तैयार करती है।

एक प्रगतिशील और समानतापूर्ण समाज के निर्माण के लिए यह जरूरी है कि खेल सुविधाएं केवल साधन संपन्न परिवारों तक सीमित न रहें। मजदूरों, किसानों और आम मेहनतकश परिवारों के बच्चों को भी बेहतर खेल मैदान, प्रशिक्षक, खेल सामग्री और निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। खेल किसी विशेष वर्ग की जागीर नहीं, बल्कि हर बच्चे का अधिकार है।

सरकार और शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी है कि विद्यालयों में खेलों को पर्याप्त महत्व दिया जाए, सार्वजनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा विशेष रूप से बेटियों की खेलों में भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। प्रतिभा आर्थिक हैसियत की मोहताज नहीं होती, उसे केवल उचित अवसर और संसाधनों की जरूरत होती है।

सानवीका की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें, उनके परिवार, श्री जैन पब्लिक स्कूल के शिक्षकों तथा उनके प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके कोच अनूप चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण के बिना ये संभव नहीं था

आशा है कि सानवीका भविष्य में भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी।
बेटियां आगे बढ़ेंगी, समाज बदलेगा!

हर बच्चे को शिक्षा, हर बच्चे को खेल का अधिकार 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel