स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर : कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई

 KBT Times, Bikaner


 


कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, लगातार अनुपस्थित रहने पर परीक्षा से वंचित करने की चेतावनी*

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित इतिहास, अंग्रेजी, पर्यावरण विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, विधि एवं भूगोल विभागों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुलगुरु विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों के साथ बैठे तथा शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया। उन्होंने वर्तमान शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से शिक्षण कार्य को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।

कुलगुरु प्रो. बिश्नोई ने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री, विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्वानों के विचारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक, प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक बनेगी तथा विद्यार्थियों के सीखने के दायरे का विस्तार होगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सूचित करने की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की नियमितता सुनिश्चित की जा सके। इसके बावजूद निरंतर अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनका नाम कक्षा से पृथक किया जा सकता है तथा उन्हें परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित किया जाएगा।

मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिक अवसर उपलब्ध करवाना है। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel