कं भारत टाइम्स, बीकानेर


 

बीकानेर, 30 जुलाई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुमित कोचर को नवा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस अहम जिम्मेदारी को संगठन के प्रति सुमित कोचर की सक्रियता, समर्पण और लंबे समय से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों का सम्मान माना जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नवा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी की गतिविधियों को और अधिक गति प्राप्त होगी।

इस नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने योग्य और समर्पित कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया है।

शहर कांग्रेस से जुड़े नेताओं ने कहा कि सुमित कोचर की कार्यशैली, संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं से मजबूत संवाद क्षमता का लाभ नवा विधानसभा क्षेत्र को मिलेगा। उनके नेतृत्व में पार्टी का जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक विस्तार नई गति से आगे बढ़ेगा तथा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

नियुक्ति पर मनोज चौधरी, जयदीप सिंह जावा, बजरंग तंवर, अब्दुल रहमान लोदरा, मेघराज तंवर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सुमित कोचर को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।