बीकानेर के औद्योगिक विकास और जीआई टैग पर हुआ मंथन

 KBharat Times, बीकानेर



जिला उद्योग संघ पहुंचे डॉ. संदीप पंडया, मूल्य संवर्धन एवं भौगोलिक संकेतक पर दिए महत्वपूर्ण सुझाव

बीकानेर, 12 जुलाई। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रमुख सदस्य एवं जिला उपभोक्ता आयोग प्रतितोष, अहमदाबाद के सदस्य डॉ. संदीप पंडया ने रविवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ का दौरा कर उद्यमियों के साथ औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीकानेर का औद्योगिक भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि जिले में मेगा फूड पार्क की स्थापना हो चुकी है, गैस पाइपलाइन को मंजूरी मिल चुकी है तथा ड्राई पोर्ट की स्थापना का कार्य भी शुरू हो गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बड़े निवेश आने की संभावना बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

डॉ. संदीप पंडया ने कहा कि बीकानेर के औद्योगिक और व्यापारिक विकास का उन्होंने गहराई से अध्ययन किया है। उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को देते हुए कहा कि आज बीकानेर अपने उत्पादों के माध्यम से देश-विदेश में विशेष पहचान बना चुका है।

उन्होंने बीकानेर में निर्मित उत्पादों के लिए भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान मजबूत होगी और उनके दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी। साथ ही उन्होंने उत्पादों के मूल्य संवर्धन (Value Addition) पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) संबंधी नीतियों एवं कानूनों में आवश्यक संशोधन के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने बताया कि इस अवसर पर डॉ. पंडया का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उन्हें जिला उद्योग संघ परिसर में स्थापित बीकानेर के 500 वर्षों के इतिहास को दर्शाने वाली गैलरी का भी अवलोकन कराया गया।

कार्यक्रम में किरणचंद मूंधड़ा, निर्मल पारख, राजाराम सारड़ा, किशनलाल बोथरा, राजीव शर्मा, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत संगठन मंत्री मुकेश आचार्य, प्रांत उपाध्यक्ष रमेश मालू तथा प्रांत सह सचिव मदन सुरोलिया सहित अनेक उद्यमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel