KBharat Times, बीकानेर
बीकानेर, 29 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए लाभदायक साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक दृश्य सोमवार को रीडी में आयोजित शिविर के दौरान देखने को मिला, जब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 91 वर्षीय वृद्ध महिला बादू देवी पत्नी जैसाराम मेघवाल के घर पहुंचकर पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई। वृद्ध महिला की पेंशन पिछले दो वर्षों से सत्यापन नहीं होने के कारण बंद थी। अधिक आयु एवं शारीरिक अस्वस्थता के चलते उनके लिए कार्यालय पहुंचना संभव नहीं था, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलने पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावास अधीक्षक स्वयं वृद्ध महिला के घर पहुंचे। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करते हुए मौके पर ही ई-केवाईसी एवं पेंशन सत्यापन की समस्त प्रक्रिया पूर्ण करवाई।
सत्यापन पूरा होते ही वृद्ध महिला की सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई। इससे उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में राहत मिलेगी।
पेंशन दोबारा शुरू होने पर वृद्ध महिला एवं उनके परिजनों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों के दौरान प्रशासन घर पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ दे रहा है। उससे उन्हें संबल मिला है।

0 Comments