BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

रेल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने दिए जनहित कार्यों को प्राथमिकता के निर्देश

 BBT Times, बीकानेर




स्थानीय रेल सुविधाओं के प्रति गंभीर दिखे केंद्रीय मंत्री, त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश

बीकानेर, 7 जून। केन्द्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) व संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने रविवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेलवे एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ रेल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बीकानेर रेल मंडल में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेलवे अवसंरचना विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। 

बैठक में केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेलवे परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग तथा क्षेत्र में रेल सेवाओं के निरंतर विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को जनहित एवं यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए बीकानेर रेल मंडल की उपलब्धियों और प्रगतिशील परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल में रेलवे दोहरीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके अंतर्गत मनहेरू-भिवानी रेलखंड (13 किलोमीटर) तथा रतनगढ़-चूरू रेलखंड (44 किलोमीटर) का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं 24 जनवरी 2026 को चूरू-दूधवाखारा रेलखंड (29 किलोमीटर) में भी दोहरीकरण कार्य पूरा कर रेल संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इन खंडों में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली भी शुरू की जा चुकी है, जिससे रेल परिचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हुआ है।

श्री गोविल ने बताया कि बीकानेर रेल मंडल के संपूर्ण 1780 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में मंडल की 114 यात्री रेलगाड़ियों तथा आवश्यकतानुसार संचालित मालगाड़ियों का संचालन विद्युत इंजनों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडल में वॉशिंग लाइन सुविधाओं के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। लालगढ़ में तीन नई वॉशिंग लाइनों को स्वीकृति मिल चुकी है तथा शीघ्र ही उनका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। हनुमानगढ़ में एक वॉशिंग लाइन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसे जल्द ही गाड़ियों के अनुरक्षण कार्यों के लिए उपयोग में लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सूरतगढ़ में दो, हिसार में दो तथा भिवानी में एक नई वॉशिंग लाइन स्वीकृत हो चुकी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद मंडल में वाशिंग लाइनों की संख्या वर्तमान 7 से बढ़कर 18 हो जाएगी।

बैठक के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी बीकानेर क्षेत्र में चल रही रेल विकास परियोजनाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।

स्थानीय रेल सुविधाओं के प्रति गंभीर दिखे केंद्रीय मंत्री

श्री मेघवाल ने स्थानीय रेल सुविधाओं एवं कोटगेट व सांखला रेलवे फाटकों से संबंधित समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं रेलवे अधिकारियों को आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, पीडब्ल्यूडी एसई श्री विमल गहलोत, श्रीमती सुमन छाजेड़, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री ऋतुराज शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री भूपेश यादव,  सहायक मंडल संरक्षा आयुक्त श्री कैलाश चन्द्र ढिल्लौर, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर (कैरिज एंड वैगन) श्री मुकेश यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारीगण तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel