Header Ads Widget

 

जिला कलक्टर ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया निरीक्षण अधिक से अधिक लोगों को मिले राहत, प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी करें सतत माॅनिटरिंग

 BBT Times, बीकानेर




बीकानेर, 18 जून। जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने गुरुवार को कावनी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगर निगम परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। 

इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार सेवा शिविरों में आमजन को अधिक से अधिक राहत मिले। कावनी में आयोजित शिविर के दौरान उन्होंने सभी विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और शिविरों के दौरान इन विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन शिविरों में रहें तथा प्रत्येक प्रकरण का न्यायसंगत निस्तारण होने तक शिविरों में बने रहें। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर इनकी नियमित समीक्षा होती है। इसके मद्देनजर इनमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। 

घुमंतू-अर्द्धघुमंतू परिवारों को वितरित किए पट्टे

शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने 14 लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। इनमें 7 पट्टे घुमंतू-अर्द्धघुमंतू श्रेणी के लाभार्थियों को दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक अधिकारी शिविरों को सम्पूर्ण प्राथमिकता और गंभीरता से लें। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, तहसीलदार श्री नितिश कांत, विकास अधिकारी श्रीमती साजिया तबस्सुम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। 

नगरीय क्षेत्र में भी आमजन को मिली राहत

नगर निगम में आयोजित शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने 1 लाभार्थी को पट्टा, 3 को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र, 2 को फायर एनओसी, 1 को विवाह पंजीयन, 4 को जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज वितरित किए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन भी करवाया। इस दौरान उन्होने कहा कि शहरी क्षेत्र में भी आमजन को अधिक से अधिक लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, उपायुक्त श्रीमती दमयंती कंवर, श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

जिला स्तरीय पर्यवेक्षण दल गठित, अधिकारियों ने किया निरीक्षण 

जिला कलक्टर के निर्देशानुसार शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों के औचक निरीक्षण के लिए चार पर्यवेक्षण दलों का गठन किया गया है। पहले दल में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री यशपाल आहूजा और रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक श्री हरगोबिंद मित्तल, दूसरे दल में राजुवास के कुलसचिव श्री पंकज शर्मा और उप रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) श्री कैलाश सोनी, तीसरे दल में सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) श्री मुकेश मीना और सहायक आयुक्त, देवस्थान श्री गौरव सोनी तथा चौथे दल में संयुक्त आयुक्त (वाणिज्यिक कर विभाग) श्री कांतिलाल जसोल और राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के श्री नितिन गोयल को शामिल किया गया है। 

गुरुवार को श्री यशपाल आहूजा ने नोखा के पारवा में आयोजित ग्रामीण सेवा और नोखा नगर पालिका द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर, श्री पंकज शर्मा ने सूरजड़ा और श्री मुकेश मीणा ने नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। 

शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर होंगे शिविर 

ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शुक्रवार को बीकानेर के जयमलसर और पेमासर, लूणकरणसर के जैतपुर और साबणियां, श्रीडूंगरगढ़ के मिंगसरिया और धनेरू, कोलायत-हदां के मण्डाल चारणान और गड़ियाला, बज्जू के ग्रांधी, पूगल के डंडी, छत्तरगढ़ के मोतीगढ़, खाजूवाला के 5 केवाईडी तथा नोखा-जसरासर के चरकड़ा और साधूणा में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments