BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

नौतपा की भीषण गर्मी के बीच आमजन को त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना

 BBT Times, बीकानेर



बीकानेर, 27 मई। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच आमजन को त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण लोगों के चेहरे पर स्किन एलर्जी, जलन, लाल चकत्ते, खुजली तथा त्वचा में रूखापन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय आचार्य की घाटी, बीकानेर में आयुर्वेदिक उपचार के माध्यम से मरीजों को राहत प्रदान की जा रही है।


चिकित्सालय में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. दीपिका सारस्वत द्वारा नौतपा के दौरान गर्मी से प्रभावित मरीजों का विशेष उपचार किया जा रहा है। डॉ. सारस्वत ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पित्त दोष बढ़ जाता है, जिससे चेहरे पर एलर्जी, जलन और दाने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इन समस्याओं से राहत दिलाने के लिए आयुर्वेदिक पद्धति के तहत शीतलता प्रदान करने वाले “मुल्तानी मिट्टी, चंदन, गुलाब जल एवं आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों” से तैयार विशेष लेप चेहरे पर लगाया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि यह लेप त्वचा को ठंडक प्रदान करता है तथा जलन और एलर्जी को कम करने में सहायक होता है। इसके साथ ही मरीजों को आयुर्वेदिक फेस थेरेपी, शीतल हर्बल पैक और प्राकृतिक उपचार भी दिए जा रहे हैं, जिससे त्वचा को आराम मिल रहा है। कई मरीजों ने उपचार के बाद राहत महसूस होने की बात कही।


डॉ. दीपिका सारस्वत ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि नौतपा के दौरान तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, छाछ, बेल का शरबत और अन्य शीतल पेय का सेवन करें। साथ ही चेहरे को धूप से बचाने के लिए सूती कपड़े और छाते का उपयोग करें।


राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज गर्मी से संबंधित त्वचा रोगों के उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जहां आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उन्हें राहत प्रदान की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel