नेत्र विभाग में मनाया गया 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा

 KBharat Times, Bikaner

बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग द्वारा 25 अगस्त 2026 से 8 सितंबर 2026 तक 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने तथा नेत्रदान से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने के लिए अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर नेत्र विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आचार्य डॉ. जय श्री मुरली मनोहर ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान एक महान मानवीय कार्य है, जिसके प्रति समाज में व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है।
डॉ. मुरली मनोहर ने बताया कि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में नेत्रदान एवं नेत्र प्रत्यारोपण का कार्य भी सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नेत्रदान के प्रति आगे आएं और इस पुण्य कार्य में अपनी सहभागिता निभाएं। कोई भी व्यक्ति अस्पताल समय के दौरान नेत्र विभाग में पहुंचकर नेत्रदान हेतु संकल्प पत्र प्राप्त कर उसे भरकर जमा कर सकता है।
राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर विभाग में जागरूकता संबंधी एक विशेष बैनर का लोकार्पण भी किया गया। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. जय श्री मुरली मनोहर के साथ डॉ. अनिल चौहान, डॉ. विमला बेनीवाल, डॉ. नवदीप कौर और डॉ. ख्याति यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर महिपाल नेहरा सहित अन्य नर्सिंग अधिकारियों तथा नेत्रदान परामर्शदाता विजेंद्र सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel