श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भारतीय आदर्श विद्या मंदिर के नन्हे-मुन्नों ने सजाई मनमोहक झांकी

 KBHARAT Times, Bikaner 



बीकानेर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, जय नारायण व्यास कॉलोनी, बीकानेर में नन्हे-मुन्ने भैया-बहिनों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी की सुंदर और आकर्षक झांकी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।

झांकी में विद्या मंदिर के नन्हे-मुन्ने भैया-बहिन भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के मनमोहक वेश में सज-धजकर शामिल हुए। बाल कलाकारों का रूप देखकर लोगों का मन मोह लिया। किसी ने श्रीकृष्ण का रूप धारण कर हाथ में बांसुरी सजाई, तो कोई राधारानी के रूप में सुसज्जित नजर आया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और आकर्षक प्रस्तुतियों ने झांकी को विशेष बना दिया।

विद्यालय से प्रारंभ हुई यह झांकी जय नारायण व्यास कॉलोनी के सेक्टर 4-E की विभिन्न गलियों से होते हुए मूर्ति सर्किल चौराहे तक पहुंची। मार्ग में स्थानीय लोगों ने झांकी का स्वागत किया तथा नन्हे कृष्ण-राधा के स्वरूप में सजे बच्चों को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। झांकी के दौरान धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण कृष्णमय बना रहा।

झांकी के दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ तस्वीरें भी लीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों के श्रीकृष्ण एवं राधारानी के रूप ने जन्माष्टमी के धार्मिक उत्सव को और भी जीवंत बना दिया।

झांकी का समापन एवं विसर्जन जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित सर्व सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में किया गया। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेश से परिचित कराने के उद्देश्य से इस आयोजन को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।@all

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel