कं भारत टाइम्स, बीकानेर 



    *देखिए बदलाव अपनी आँखों से — आधा पार्क चमका, आधा अगले रविवार की प्रतीक्षा मे-

बीकानेर, 02 अगस्त । “शिकायत नहीं, सहयोग” के मूल मंत्र और “हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम” के संकल्प को साकार करते हुए टीम Hour for Nation ने आज रविवार प्रातः 7 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं बीडीए कार्यालय के सामने स्थित सार्वजनिक पार्क में अपना साप्ताहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया।


यह पार्क शहर के सबसे प्रमुख और सुंदर सार्वजनिक स्थलों में से एक है, किन्तु पिछले कुछ समय से यहाँ सूखी झाड़ियाँ, प्लास्टिक, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र होने के कारण इसकी सुंदरता प्रभावित हो रही थी। टीम ने आज लगभग डेढ़ घंटे के सामूहिक श्रमदान से पार्क के बड़े हिस्से को साफ कर उसकी प्राकृतिक सुंदरता को पुनः निखारने का प्रयास किया। कार्य का लगभग आधा भाग आज पूर्ण हो सका है तथा शेष क्षेत्र की सफाई अगले रविवार के अभियान में पूरी की जाएगी।


आज पार्क में साफ किए गए और अभी शेष बचे हिस्से दोनों स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं। यह दृश्य स्वयं इस बात का प्रमाण है कि यदि सामान्य नागरिक बिना किसी शिकायत और बिना किसी अपेक्षा के केवल थोड़े समय का श्रमदान करें, तो किसी भी सार्वजनिक स्थान का स्वरूप बदला जा सकता है।


टीम ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे इस पार्क का स्वयं अवलोकन करें और देखें कि केवल डेढ़ घंटे के सामूहिक श्रमदान से कितना बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव हुआ है। समाज में परिवर्तन लाने के लिए केवल इच्छाशक्ति और सहभागिता की आवश्यकता होती है।


वर्ष 2016 में स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर प्रारम्भ हुई Hour for Nation की यह जनभागीदारी आधारित पहल पिछले कई वर्षों से प्रत्येक रविवार निरंतर चल रही है। बिना किसी राजनीतिक संरक्षण, बिना किसी आर्थिक सहयोग या दान के, केवल स्वयंसेवकों के सामूहिक श्रमदान के माध्यम से टीम बीकानेर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में अपने शहर और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति जिम्मेदारी एवं सहभागिता की भावना विकसित करना भी है।


टीम ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे शिकायत करने की बजाय सप्ताह में कुछ समय समाज और राष्ट्र के लिए निकालें, क्योंकि सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत हमेशा स्वयं से होती है।

आज श्रमदाता-डॉ विशाल मलिक,ca वसीम रज़ा, गजेंद्र सरीन,विनोद चौधरी,डॉ फ़ारूक़,अरुण चम, बसंत दास , कपिला शर्मा, चन्द्र कला उपाध्याय, यशस्वी पाराशर,भवानी सिंह राजपुरोहित,ca सुधीश शर्मा, मोह हसन, पुरषोत्तम शर्मा,मनोज सोनी, देवकिशन तंवर , डॉ अतुल गोस्वामी, किशोर भाटिया. थे.