कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 16 जुलाई। जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खारवाली के सुरजनवाली गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई। पंचायत में मौजूद ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते धारदार चाकुओं से हमला कर दिया गया। इस हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था। विवाद को समाप्त करने के उद्देश्य से गांव के पंच-पटेलों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत आयोजित की गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बातचीत के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल जाएगा, लेकिन पंचायत के दौरान माहौल अचानक गर्मा गया और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद एक पक्ष ने धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक तीन लोगों को गंभीर चोटें लग चुकी थीं। मौके पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह धालीवाल पुलिस जाब्ते के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद खाजूवाला वृत्ताधिकारी (सीओ) आकांक्षा चौधरी भी मौके पर पहुंचीं तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं, बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी सूचना मिलते ही मौके के लिए रवाना हो गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता बुलाकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश और लंबे समय से चले आ रहे विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है तथा हमले में शामिल आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments