BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

वार्ड 53 से 15–20 दिनों से नहीं पहुंच रही कचरा संग्रहण ऑटो टिपर, लोगों में नाराजगी

 कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर, 17 जुलाई। बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 53 में पिछले 15 से 20 दिनों से कचरा संग्रहण के लिए आने वाली ऑटो टिपर गाड़ी नहीं पहुंचने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से मोहल्ले में जगह-जगह कचरा जमा होने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सुभाष पुरा मंडल अध्यक्ष अब्दुल रहमान लोदरा ने बताया कि वार्ड 53 से कचरा संग्रहण करने वाली ऑटो टिपर पिछले कई दिनों से गायब है। यदि किसी व्यक्ति को उक्त वाहन के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह नगर निगम को सूचित करे, ताकि वाहन का पता लगाया जा सके और सफाई व्यवस्था को पुनः सुचारु बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि ऑटो टिपर के नियमित रूप से नहीं आने के कारण घरों से निकलने वाला कचरा समय पर नहीं उठ पा रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और लोगों को दुर्गंध एवं अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह स्थिति स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ा सकती है।

अब्दुल रहमान लोदरा ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि वार्ड 53 में तत्काल नियमित रूप से ऑटो टिपर भेजी जाए, ताकि कचरा संग्रहण की व्यवस्था बहाल हो सके और आमजन को राहत मिले। उन्होंने कहा कि नगर निगम को सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तथा प्रत्येक वार्ड में निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

स्थानीय निवासियों ने भी नगर निगम से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधरी तो क्षेत्र में गंदगी और बढ़ने की आशंका है।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel