BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

गुरु पूर्णिमा पर अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य ममू महाराज के सान्निध्य में हुआ भव्य गुरु पूजन, देशभर से श्रद्धालु हुए शामिल

कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर, 29 जुलाई।  गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य ममू महाराज (राजेंद्र कुमार व्यास) के निवास पर भव्य गुरु पूजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। लगभग चार घंटे तक चले इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं, भक्तों एवं गणमान्य नागरिकों ने गुरुजी का आशीर्वाद प्राप्त कर गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणपति की आराधना से हुआ। इसके पश्चात भैरवनाथ एवं अन्य भक्तिमय भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। सुप्रसिद्ध भजन गायक नानू गोपाली, बंसी भदानी,  नानू किराडू सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं प्रसिद्ध कॉमेडियन मुकेश सोनी एवं उनकी टीम ने अपनी सुसंस्कृत हास्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में आनंद का संचार किया।
कार्यक्रम में गुरु पूजन के दौरान गुरुजी का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा श्रद्धालुओं ने उनके चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरुजी की धर्मपत्नी श्रीमती अनुसूया देवी का भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
समारोह में रोग निदान सेवा संघ ट्रस्ट, भतमाल पेड़ीवाल नारायण भूतड़ा, सपन बर्मन विशाल किराडू, विजय शंकर ओझा, प्रेम जी सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। देशभर से आए विद्वान पंडितों एवं श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला।
पूरे आयोजन के दौरान आध्यात्मिक वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन एवं गुरु वंदना से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध रहे। अंत में गुरुजी ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए जीवन में सदाचार, सेवा, संस्कार एवं आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel