KBharat Times, बीकानेर
JD Singh की खास ख़बर
बीकानेर, 30 जून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से पीबीएम अस्पताल में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं, प्रसूताओं की मौत के मामलों तथा चिकित्सा सेवाओं में कथित लापरवाही के विरोध में मंगलवार को कर्मचारी मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की गई। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान हुई नारेबाजी
जनसभा समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया गया।
प्रदर्शन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बंदोबस्त किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस, आरएसी तथा स्पेशल पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बैरिकेडिंग के साथ वाटर कैनन तथा आंसू गैस छोड़ने वाले उपकरण भी तैयार रखे गए थे।
डोटासरा बोले— प्रसूताओं की मौत "हत्या" के समान
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की योजनाओं के नाम तक स्वीकार नहीं हैं।
उन्होंने प्रसूताओं को कथित रूप से पानी के इंजेक्शन लगाए जाने के मामले को "मर्डर" करार देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। डोटासरा ने कहा कि पीबीएम अस्पताल की बदहाल स्थिति पर भाजपा नेताओं की चुप्पी बेहद शर्मनाक है। उन्होंने चिकित्सा मंत्री के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता समाप्त होती दिखाई दे रही है।
टीकाराम जूली ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरा
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आज प्रदेश में अस्पतालों की स्थिति ऐसी हो गई है कि जहां लोग इलाज के लिए जाते हैं, वहां से अर्थियां निकल रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं और भवन गिर जाते हैं।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर पलटवार करते हुए जूली ने कहा कि जब शिक्षा मंत्री के अपने पोते निजी विद्यालय में पढ़ रहे हैं तो फिर सरकारी शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा।
उन्होंने यमुना जल समझौते को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान को केवल चार महीने ही पानी मिलने की बात कही जा रही है तथा इस परियोजना पर लगभग 33 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
चिकित्सा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कहीं गलत ब्लड चढ़ा दिया जाता है, कहीं ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं होती, कहीं 108 और 104 एम्बुलेंस सेवाएं प्रभावित हैं तो कहीं डॉक्टरों की कमी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई चिरंजीवी योजना, निशुल्क दवा, निशुल्क जांच और आरजीएचएस जैसी योजनाओं की वर्तमान स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
डॉ. बी.डी. कल्ला ने लगाए खरीद में अनियमितता के आरोप
पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग ने ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाइयों की खरीद की। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण दो महिलाओं की जान चली गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीयू के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये खर्च कर 1500 मल्टीपैरा मॉनिटर खरीदे गए, जबकि बाजार में लगभग 77 हजार रुपये कीमत वाले उपकरण एक-एक लाख रुपये तक में खरीदे गए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की।
गोविंदराम मेघवाल के भाषण के दौरान नारेबाजी
जनसभा के दौरान जब गोविंदराम मेघवाल संबोधन देने मंच पर पहुंचे तो डूडी समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को शांत रहने का इशारा करते हुए मेघवाल से अपनी बात रखने का आग्रह किया। हालांकि पूरे संबोधन के दौरान "डूडी अमर रहें" के नारे लगातार गूंजते रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, आईजी ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल,देहात अध्यक्बिशनारामसियाग,डॉ.बी.डी.कल्ला,भंवर सिंह भाटी,विधायक शिमला नायक सहित आंदोलन में पर मंत्री वीरेन्द्र बेनिवाल, एम डी चोपदार, महेंद्र गहलोत, जियाउर्रहमान आरिफ, मकसूद अहमद, विनोद गोठवाल, हनुमानगढ़ अद्य्क्ष, मनीष मक्कासर, नागौर अद्य्क्ष हनुमान बांगड़वा, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर, आनंदसिंह सोढ़ा, जाकिर नागोरी, सहजाद खान, प्रदेश महासचिव SMD जयदीपसिंह जावा, प्रदेश सचिव OBC मनोज चोधरी, प्रभारी एडवोकेट सद्दाम हुसैन, फिरोज भाटी, मण्डल अद्य्क्ष बलराम नायक, अब्दुल रहमान लोदरा, हँसराज बिश्नोई, अन्य सेकड़ो पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
0 Comments