BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 के लंबित क्लेमों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

 BBT Times, बीकानेर




नोखा में मंडी स्थापना हेतु भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया

पशुपालन विभाग में आगामी मानसून सत्र से पूर्व शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जिले में खरीफ सीजन हेतु पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध

बीकानेर, 29 मई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पाण्डेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, उद्यान, कृषि विपणन एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों, उर्वरक उपलब्धता, फसल बीमा, मंडी व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पाण्डेय ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि श्री मदन लाल ने खरीफ फसलों की बुवाई एवं मानसून पूर्व तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मूंगफली की बुवाई 75 हजार हेक्टेयर तथा कपास की बुवाई 26 हजार 200 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि मानसून आगमन के साथ अन्य खरीफ फसलों की बुवाई भी प्रारंभ होगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि बुवाई क्षेत्रफल एवं फसलवार प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

श्रीमती पांडे ने बताया कि उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में खरीफ सीजन हेतु पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने समय पर उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नमूनों की शत-प्रतिशत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 के लंबित क्लेमों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा। 

कृषि विपणन विभाग की समीक्षा के दौरान मंडी सचिव ने बताया कि मार्च 2025-26 एवं वर्ष 2026-27 में मंडी फीस संग्रहण लक्ष्य के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मंडियों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं बजट घोषणाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नोखा में मंडी स्थापना हेतु भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में जिले के पशु चिकित्सालयों एवं उपकेंद्रों की गतिविधियों की जानकारी दी गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जाए तथा आगामी मानसून सत्र से पूर्व शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निःशुल्क दवा योजना के अंतर्गत समय पर दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उद्यान विभाग की समीक्षा में राष्ट्रीय बागवानी मिशन, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर योजनाओं, प्रधानमंत्री कुसुम योजना तथा हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अधिकाधिक क्षेत्रफल में पौधारोपण सुनिश्चित करने, सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल, सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत, मण्डी सचिव उमेश शर्मा उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel