KBT Times, Bikaner
बीकानेर। दीपावली का त्योहार जहां खुशियों और रोशनी का पर्व है, वहीं पटाखों के कारण होने वाली दुर्घटनाएं कई परिवारों के लिए परेशानी का सबब बन जाती हैं। ऐसे समय में बीकानेर के डॉ. रामदेव अग्रवाल पिछले करीब 50 वर्षों से आग से झुलसे लोगों का उपचार कर मानव सेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं। अब तक वे 40 हजार से अधिक लोगों का उपचार कर चुके हैं। खास बात यह है कि वे बीकानेर ही नहीं, बल्कि अन्य स्थानों पर भी जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवा रहे हैं।
डॉ. रामदेव अग्रवाल बताते हैं कि उनका उद्देश्य हमेशा से पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना रहा है। इसी सेवा भावना के चलते वे पिछले पांच दशकों से आग से झुलसे लोगों के उपचार में जुटे हुए हैं। कई बार वे जरूरत पड़ने पर दूसरे शहरों और क्षेत्रों में जाकर भी घायलों की मदद करते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई वर्ष पूर्व डबवाली अग्निकांड के दौरान उन्हें विशेष रूप से डबवाली भेजा गया था। वहां उन्होंने एक महीने से अधिक समय तक रहकर हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार किया था। इस दौरान उनके द्वारा दी गई सेवाओं के लिए प्रशासन की ओर से उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया था।
दीपावली के अवसर पर भी डॉ. अग्रवाल की सेवा भावना लगातार देखने को मिल रही है। पटाखों से जलने के कारण घायल हुए लोगों का पिछले तीन दिनों से लगातार उपचार किया जा रहा है। बीकानेर के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उनके पास पट्टी करवाने और उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। विशेष बात यह है कि यह पूरी सेवा निःशुल्क की जा रही है।
लगातार मरीजों के आने के कारण स्थिति ऐसी हो जाती है कि उन्हें समय पर भोजन करने तक का अवसर नहीं मिल पाता। डॉ. अग्रवाल और उनका परिवार पूरा दिन अपने कार्यस्थल पर रहकर घायलों की सेवा में जुटा रहता है। उनके लिए दीपावली की खुशियों से बढ़कर पीड़ितों को राहत पहुंचाना है।
इस सेवा कार्य में उनकी धर्मपत्नी कविता अग्रवाल भी पूरी तत्परता से सहयोग कर रही हैं। पिछले तीन दिनों से वे दोपहर का भोजन लेकर कार्यस्थल पर ही पहुंच रही हैं, ताकि डॉ. अग्रवाल मरीजों का उपचार जारी रखते हुए समय पर भोजन कर सकें। परिवार का यह समर्पण भी मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आज के दौर में जहां त्योहारों पर लोग अपने परिवार और खुशियों में व्यस्त रहते हैं, वहीं डॉ. रामदेव अग्रवाल और उनका परिवार दीपावली के अवसर पर भी घायलों की सेवा में जुटा हुआ है। पांच दशकों से जारी उनका यह सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। वास्तव में ऐसे सेवाभावी लोग ही त्योहारों के वास्तविक अर्थ को चरितार्थ करते हैं।



0 Comments