KBT Times, Bikaner/Nokha
नोखा। रोटरी क्लब नोखा की एक महत्वपूर्ण बैठक क्लब अध्यक्ष रोटेरियन राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में रोटरी भवन में आयोजित हुई। बैठक में रोटरी क्लब बीकानेर के सदस्य एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 के वर्ष 2028-29 के गवर्नर रोटेरियन मनीष तापड़िया, रोटेरियन प्रदीप लाठ तथा रोटेरियन संजय छींपा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रोटरी क्लब की गतिविधियों के विस्तार, समाजसेवा के स्थायी प्रकल्प शुरू करने तथा संगठन को आमजन तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट 3053 के वर्ष 2028-29 के गवर्नर रोटेरियन मनीष तापड़िया ने रोटरी इंटरनेशनल की कार्यप्रणाली, विभिन्न सेवा गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोटरी का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुंचाना और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाना है। उन्होंने नोखा क्लब के सदस्यों से आह्वान किया कि वे रोटरी की सेवाओं और गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग संगठन से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सहभागी बन सकें।
रोटेरियन प्रदीप लाट ने नोखा क्लब के पास उपलब्ध भूखंड का बेहतर उपयोग करने का सुझाव देते हुए कहा कि यहां स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर शीघ्र भवन निर्माण करवाया जाना चाहिए। इस भवन में फिजियोथेरेपी सेंटर जैसी स्थायी जनसेवा गतिविधि शुरू की जा सकती है, जिससे क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
रोटेरियन संजय छींपा ने आगामी 25, 26 एवं 27 दिसंबर को बीकानेर में आयोजित होने वाली रोटरी कॉन्फ्रेंस की जानकारी देते हुए नोखा क्लब के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से रोटरी सदस्यों को संगठन की गतिविधियों, अनुभवों और सेवा कार्यों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी सदस्यों से समय रहते अपना पंजीकरण करवाने का आग्रह भी किया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन राजेश अग्रवाल ने नोखा क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि क्लब का पहला लक्ष्य उपलब्ध भूखंड पर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप शीघ्र भवन निर्माण करवाना है। इसके लिए एक-दो उदारमना भामाशाहों से बातचीत चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भामाशाहों के सहयोग से इस दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और क्लब स्थायी सेवा प्रकल्प शुरू कर सकेगा।
बैठक के प्रारंभ में रोटेरियन ईश्वर चंद बैद, रोटेरियन कैलाश झंवर एवं रोटेरियन शिवकरण डेलू ने बीकानेर से पधारे तीनों रोटेरियन अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर रोटेरियन किशोरी लाल दम्माणी ने जिन सदस्यों की सदस्यता फीस बकाया है, उनसे शीघ्र फीस जमा करवाने की अपील की, ताकि क्लब की गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
रोटेरियन ओमप्रकाश राठी ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान ही बीकानेर में आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए नोखा के दस सदस्यों की सहमति प्राप्त हो गई है। इन सभी सदस्यों का पंजीकरण अगले दिन करवा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि अन्य सदस्य भी कॉन्फ्रेंस में शामिल होना चाहते हैं तो उनकी सहमति एवं पंजीकरण शुल्क शीघ्र भिजवाने की व्यवस्था की जाएगी।
अंत में क्लब सचिव रोटेरियन रामगोपाल चांडक ने बीकानेर से पधारे अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नोखा क्लब को भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन एवं उचित दिशा-निर्देशों की अपेक्षा रहेगी, ताकि क्लब सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सके।
बैठक में रोटेरियन ईश्वर चंद दुग्गड़, रोटेरियन अनवर अली निर्बाण एवं रोटेरियन कैलाश पारीक सहित क्लब के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

0 Comments