मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

 KBT Times, Biknaer



बीकानेर, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत राज्य के मूल निवासी युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण, मार्जिन मनी अनुदान तथा सीजीटीएमएसटी फीस का पुनर्भरण भी किया जाएगा।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि योजना के तहत 18 से 45 वर्ष तक के युवा 31 मार्च 2029 तक एसएसओ आईडी के माध्यम से एसएसओ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि योजना में शैक्षणिक योग्यता के आधार पर ऋण सीमा निर्धारित की गई है। कक्षा 8वीं से 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में अधिकतम 3.5 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 7.5 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं स्नातक एवं आईटीआई प्रमाण पत्र धारक युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में अधिकतम 5 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऋण राशि का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान देय होगा। इसकी अधिकतम सीमा सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 35 हजार रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में 50 हजार रुपए निर्धारित की गई है। साथ ही ऋण पर 100 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है। योजना में सीजीटीएमएसटी फीस का 100 प्रतिशत पुनर्भरण भी किया जाएगा। नवीन एवं विस्तार तथा आधुनिकीकरण की परियोजनाएं भी योजना के लिए पात्र होंगी तथा योजना में 15 लाख रुपए तक ऑन रोड़ कीमत के वाणिज्यिक वाहन पर भी लाभ देय होगा।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel