KBHARAT Times, Bikaner
बीकानेर, स्कूल गेम्स फेडरेशन के तत्वावधान में दिसंबर और जनवरी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन की ओर से 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता योगासन अंडर-17 (छात्रा वर्ग) का आयोजन 28 दिसंबर से 2 जनवरी तक बीकानेर में तथा 19 वर्ष छात्र-छात्रा जूडो प्रतियोगिता 4 से 10 जनवरी 2027 तक देशनोक में होगा।
उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी बीकानेर के लिए बड़ा अवसर है। संबंधित विभाग समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे आयोजन की नोडल अधिकारी तथा उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना सहायक नोडल अधिकारी होंगी।
जिला कलेक्टर ने बताया कि योगासन प्रतियोगिता में देशभर से करीब 700 छात्राएं तथा जूडो प्रतियोगिता में लगभग 800 छात्र-छात्राएं भाग लेंगी।
बैठक में विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, परिवहन, प्रतियोगिता स्थलों का चयन एवं चिन्हीकरण, चिकित्सा, पुलिस व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष की स्थापना, पानी-बिजली सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समितियों के गठन के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments