वार्ड 67 में बदलाव की मांग तेज, एडवोकेट शेरबानो कुरैशी ने कांग्रेस से पेश की दावेदारी

 कं भारत टाइम्स, बीकानेर



सीवरेज, टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था और जाम को बताया वार्ड की प्रमुख समस्या

बीकानेर। नगर निगम चुनावों को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बीकानेर नगर निगम के वार्ड संख्या 67 से शिक्षित एवं समाजसेवी एडवोकेट शेरबानो कुरैशी ने कांग्रेस पार्टी से अपनी दावेदारी पेश की है। इस अवसर पर वार्ड की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए वार्डवासियों ने क्षेत्र में परिवर्तन की आवश्यकता जताई है।

एडवोकेट शेरबानो कुरैशी ने कहा कि वार्ड 67 शहर के महत्वपूर्ण वार्डों में शामिल है और यह शहर के अनेक क्षेत्रों एवं आमजन को जोड़ने वाला प्रमुख क्षेत्र है। इसके बावजूद वार्ड लंबे समय से सीवरेज, टूटी सड़कों, सफाई व्यवस्था और यातायात जाम जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।

उन्होंने बताया कि हेड पोस्ट ऑफिस से लेकर चोखूंटी पुलिया तक प्रतिदिन लगने वाला जाम आमजन के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। वहीं मोहल्ला कुचिलपुरा, शेखान, रोशनी घर के पीछे तथा पिंक मॉडल स्कूल क्षेत्र में आए दिन होने वाली सीवरेज जाम की समस्या से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वार्डवासियों के अनुसार सीवरेज जाम और टूटी सड़कों के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दैनिक कार्यों तथा आवागमन में कठिनाई होती है। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और गलियों में बने गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी वार्डवासियों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्य मार्गों पर जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई देते हैं। रोशनी घर चौराहे से लाइन पुलिस क्षेत्र तक सफाई व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कई स्थानों पर नालियां टूटी हुई हैं, जबकि जहां नालियां बनी हुई हैं, वहां नियमित सफाई के अभाव में जाम की स्थिति बनी रहती है।

विनोबा बस्ती क्षेत्र में भी टूटी सड़कों और नालियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई बताई जा रही है। वार्डवासियों का कहना है कि दीपावली और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान भी कई मोहल्लों में सफाई व्यवस्था एवं जनसमस्याओं को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

वार्ड निवासी मोहम्मद दानिश ने कहा कि वार्ड की समस्याओं और वर्तमान जनप्रतिनिधि के प्रति लोगों की नाराजगी को देखते हुए कांग्रेस संगठन को टिकट वितरण से पहले स्थानीय परिस्थितियों और जनता की भावनाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वार्ड 67 की जनता अब विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था, सुगम यातायात और मूलभूत सुविधाओं के लिए परिवर्तन चाहती है। ऐसे में पार्टी को वार्ड की जनता की आवाज और स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार के चयन पर विचार करना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel