परीक्षा में अनियमितता मिलने पर मरुधरा कॉलेज का परीक्षा केंद्र निरस्त

 

कं भारत टाइम्स, बीकानेर


 

उड़न दस्ते के निरीक्षण में मिली गड़बड़ी, परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्र पर किया स्थानांतरित

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित की जा रही वर्तमान परीक्षाओं के दौरान परीक्षा में अनियमितता पाए जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हनुमानगढ़ जिले में स्थापित मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई 20 अगस्त 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के उड़न दस्ते के निरीक्षण में अनियमितता सामने आने के बाद की गई।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजाराम चोयल ने बताया कि परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान उड़न दस्ते की टीम को कुछ अनियमितताएं मिलीं। टीम ने मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों एवं सबूतों का संकलन करते हुए अपनी विस्तृत रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रस्तुत की। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए इसे विश्वविद्यालय स्तर पर तत्काल कार्रवाई के लिए रखा गया।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि उड़न दस्ता समिति की रिपोर्ट कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग के समक्ष प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद कुलगुरु ने मामले में तत्काल निर्णय लेते हुए संबंधित परीक्षा केंद्र को निरस्त करने के आदेश प्रदान किए। इसके बाद कुलगुरु के आदेशों की पालना में परीक्षा नियंत्रक की ओर से मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए।

परीक्षार्थियों की परीक्षा प्रभावित न हो, इसलिए वैकल्पिक केंद्र तय

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्र निरस्त करने के साथ ही वहां पंजीकृत परीक्षार्थियों की परीक्षाओं को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा केंद्र पर पंजीकृत सभी परीक्षार्थियों को निकटतम राजकीय कन्या महाविद्यालय, हनुमानगढ़ परीक्षा केंद्र पर स्थानांतरित किया गया है। इससे परीक्षार्थियों की आगामी परीक्षाएं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आयोजित हो सकेंगी और परीक्षा प्रक्रिया बाधित नहीं होगी।

अनियमितता पर होगी कठोर कार्रवाई

कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग ने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित परीक्षा केंद्र के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की पवित्रता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था विश्वविद्यालय के नियमों, निर्देशों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस कार्रवाई से परीक्षा व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश गया है।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel