कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 1 अगस्त। शहर कांग्रेस कमेटी बीकानेर की नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद नायक समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि नई कार्यकारिणी में नायक समाज एवं सिपाही समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया।
युवा कांग्रेस के दलित नेता मैक्स नायक ने कहा कि नायक समाज वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा और संगठन से जुड़ा रहा है। समाज के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों, आंदोलनों और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनाव में समाज के लोग कांग्रेस के पक्ष में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं।
मैक्स नायक ने कहा कि इसके बावजूद नई शहर कार्यकारिणी में नायक समाज से केवल एक व्यक्ति को स्थान दिया गया है, जबकि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में नायक समाज की अच्छी-खासी संख्या है। उनका कहना है कि समाज को उसके योगदान के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था।
उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज के सबसे बड़े वर्गों में शामिल सिपाही समाज को भी इस बार कार्यकारिणी में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है, जिससे समाज में निराशा है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कांग्रेस नेतृत्व से भविष्य में संगठनात्मक नियुक्तियों के दौरान सभी वर्गों को उनके योगदान और जनसंख्या के आधार पर उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।

0 Comments