नवल बस्ती की 9 सूत्रीय समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश महासचिव तरुण

 कं भारत टाइम्स, बीकानेर

नोखा, 4 अगस्त। नोखा शहर के वार्ड संख्या 24 (पूर्व वार्ड संख्या 10) स्थित नवल बस्ती की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव तरुण पंडित ने जिला कलेक्टर बीकानेर को 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में वार्डवासियों की समस्याओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि नवल बस्ती आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्र में टूटी सड़कें, पेयजल संकट, जर्जर विद्युत पोल, सफाई व्यवस्था की समस्याएं और सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन जैसी कई गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। इन कारणों से स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

तरुण पंडित ने बताया कि मोहल्ले में आज तक नियमित रूप से मीठे पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण लोगों को खरीदकर पानी पीना पड़ता है। साथ ही क्षेत्र के अधिकांश विद्युत पोल पुराने एवं क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कुछ माह पूर्व एक विद्युत कर्मी पोल पर कार्य करते समय पोल गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने पुराने विद्युत पोल बदलने और पूरे वार्ड में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि वार्ड की अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं। बरसात के दौरान पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पूरे क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण कराया जाना आवश्यक है।


सफाई कर्मियों के वेतन को लेकर भी उठाई आवाज

तरुण पंडित ने नगर पालिका नोखा में कार्यरत अस्थायी सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कई कर्मचारियों को तीन महीने, कुछ को छह महीने तथा एक कर्मचारी को डेढ़ वर्ष से वेतन नहीं मिला है। ऐसी स्थिति में उनके परिवारों का भरण-पोषण करना अत्यंत कठिन हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्थायी सफाई कर्मचारियों को भी प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन नहीं मिल रहा है। दो से तीन महीने बाद केवल एक माह का वेतन मिलने से अधिकांश राशि बैंक ऋण की ईएमआई में चली जाती है और कर्मचारियों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।


मोहल्ले में डाला जा रहा शहर का कचरा, लोगों में रोष

ज्ञापन में वार्ड की एक अन्य गंभीर समस्या का उल्लेख करते हुए बताया गया कि घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों का कचरा नवल बस्ती में खाली किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले 50 से अधिक परिवारों को दुर्गंध, गंदगी और प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। कई बार कचरे में आग लग जाती है, जिसे बुझाने के लिए अग्निशमन वाहन बुलाना पड़ता है। खराब सड़कें होने के कारण यदि समय पर अग्निशमन वाहन नहीं पहुंचा तो बड़ी जनहानि की आशंका बनी रहती है। उन्होंने तत्काल इस स्थान पर कचरा डालना बंद करने की मांग की।


रोजगार, आवास और शिक्षा की भी मांग

तरुण पंडित ने वार्ड के बेरोजगार युवाओं को अनुजा निगम के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब एवं बेघर परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तथा बच्चों की शिक्षा के लिए मोहल्ले में सरकारी विद्यालय खोलने की मांग भी रखी। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर वार्डवासियों को राहत प्रदान करने का आग्रह किया।


ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें

वार्ड में सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए।

घर-घर कचरा संग्रहण की गाड़ियों द्वारा नवल बस्ती में कचरा डालना बंद किया जाए।

जर्जर विद्युत पोल बदलकर नए पोल एवं एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाए।

मीठे पानी के लिए ट्यूबवेल स्थापित किया जाए।

मोहल्ले में सरकारी विद्यालय खोला जाए।

अस्थायी सफाई कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाए।

अनुजा निगम के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाए।

नगर पालिका सफाई कर्मियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन के अंत में तरुण पंडित ने कहा कि यदि वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ आगे की रणनीति बनाकर जनआंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel