BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

पीसीपीएनडीटी अधिनियम पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित/कन्या भ्रूण हत्या एवं लिंग चयन जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

कं भारत टाइम्स, बीकानेर


 


बीकानेर, 11 अगस्त। कन्या भ्रूण हत्या एवं लिंग चयन जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 (PCPNDT Act) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से राजकीय विधि महाविद्यालय में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेश कुमार शर्मा ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लिंग चयन एवं भ्रूण के लिंग की पहचान पर कानूनी प्रतिबंध, पंजीकृत केंद्रों के दायित्व तथा अधिनियम के उल्लंघन पर निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भगवान राम विश्नोई ने कहा कि बेटी और बेटे के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव समाज के समग्र विकास में बाधक है। कन्या भ्रूण हत्या केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक एवं नैतिक समस्या भी है। उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उनके समान अधिकार एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

*नशा मुक्ति की दिलाई शपथ*

‘नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मुख्य वक्ता श्री महेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज के लिए घातक है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

*छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक*

कार्यक्रम के दौरान रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण केंद्र में छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आत्मरक्षा कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. कुमुद जैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में बेटियों के प्रति सम्मान एवं समानता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की सहायक आचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. रेखा आचार्य ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel