BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का भी लिया फीडबैक, पूर्ण गंभीरता से कार्य करने के दिए निर्देश

कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर, 31 जुलाई। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे के शनिवार के बीकानेर दौरे तथा राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह की तैयारियों की पूर्व समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने ली। 

जिला कलक्टर ने बताया कि राज्यपाल श्री बागडे, शनिवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के 40वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके लिए विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व दिए गए हैं। सभी अधिकारी इनकी अक्षरशः पालना करें तथा आपसी समन्वय से सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडपम् में प्रवेश, निकास, बैठक, प्रस्तावित मिनट-टू-मिनट, सुरक्षा, यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। 

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियांे की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वतंतत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर होने वाले एट होम, सांस्कृतिक समारोह के अलावा 15 अगस्त के मुख्य समारोह की अब तक की तैयारियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के विभिन्न आयोजनों के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन करते हुए प्रभारी और सहायक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी आपसी समन्वय और पूर्ण गंभीरता से कार्य करें। इसमें किसी स्तर पर कोताही नहीं हो। 

जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्य समारोह में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुसार देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो। इसके मद्देनजर सांस्कृतिक समारोह की पूर्व तैयारियों से जुड़ी अब तक की तैयारियों के बारे में जाना। मुख्य समारोह में उद्घोषकों की नियुक्ति, बैठक व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम तैनातगी और ओआरएस सहित समस्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। 

जिला कलक्टर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई, सौंदर्यकरण, सड़क सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों में भी गति लाई जाए। पूर्व संध्या पर होने वाले सांस्कृति समारोह से जुड़ी समस्त तैयारियों के बारे में जाना। इसके साथ ही प्रस्तावित ड्रोन शो के संबंध में चर्चा करते हुए इसे अंतिम रूप दिया गया। मुख्य समारोह से पूर्व पब्लिक पार्क स्थित शहीद स्मारक स्थल पर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दिया गया। 

पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कहा कि मुख्य समारोह सहित सभी कार्यक्रमों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री देवाराम सैनी, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel