BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

अंगदान जन-जागरूकता अभियान को लेकर जिला कलेक्टर ने जारी किए निर्देश सोमवार को सभी कार्यालयों में होगा ऑनलाइन सामूहिक अंगदान शपथ कार्यक्रम, जुलाई-अगस्त रहेगा अंगदान माह

 KBharat Times, बीकानेर




बीकानेर, 11 जुलाई। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने जिले के सभी राजकीय विभागों, स्वायत्तशासी संस्थाओं, स्थानीय निकायों, सार्वजनिक उपक्रमों, बोर्ड, निगमों तथा राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 'अंगदान–जीवन संजीवनी अभियान' के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इसके नोडल अधिकारी होंगे। 

जिला कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जुलाई से अगस्त 2026 की अवधि को 'अंगदान माह' के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम, संगोष्ठियां, सेमिनार, शपथ समारोह तथा प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही 2 एवं 3 अगस्त को प्रमुख सरकारी भवनों, ऐतिहासिक स्मारकों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हरी रोशनी (ग्रीन इल्यूमिनेशन) की व्यवस्था की जाएगी। अभियान के तहत अंगदान रन, मैराथन, साइकिल रैली सहित विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियों का भी आयोजन होगा।

सोमवार को सभी कार्यालयों में होगी शपथ

जिला कलेक्टर ने बताया कि इन आदेशों के क्रम में 13 जुलाई को जिले के सभी विभागों एवं अधीनस्थ कार्यालयों में आधार आधारित ऑनलाइन सामूहिक अंगदान शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक कार्यालयाध्यक्ष अपने स्तर पर एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे, जो अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 'नोटो' के निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन शपथ दिलाने तथा इसकी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेंगे।

जिला कलेक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को जनहित का महत्वपूर्ण प्रयास मानते हुए अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित हो सकें। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel