BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

जिला अस्पताल बीकानेर में राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गुणवत्ता सेवाओं को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

कं भारत टाइम्स / बीकानेर

 


 बीकानेर, 18 जुलाई। एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय, संबद्ध सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर में शनिवार को राज्य स्तरीय गुणवत्ता सेवाएं एवं कायाकल्प कार्यक्रम की टीम द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध प्रसूति एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, प्रोटोकॉल की पालना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन का गहन अवलोकन किया गया।
राज्य स्तरीय टीम का नेतृत्व डॉ. किरण अरोड़ा, स्टेट नोडल अधिकारी (क्वालिटी सर्विसेज एवं कायाकल्प कार्यक्रम) ने किया। उन्होंने अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग ओपीडी, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, लेब सैंपलिंग एरिया तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत आने वाली गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परीक्षणों एवं उपचार प्रोटोकॉल की समीक्षा करते हुए गैप एनालिसिस किया गया तथा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. किरण अरोड़ा ने अस्पताल में उपलब्ध मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए एमसीएच कार्यक्रम के अंतर्गत गुणवत्ता सेवाओं की सुनिश्चितता पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला अस्पताल के लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, मेटरनिटी एवं शिशु रोग विभाग को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप 'लक्ष्य' (LaQshya) एवं 'मुस्कान' कार्यक्रम के तहत प्रमाणित करवाने की दिशा में आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आउटडोर एवं लेबर रूम से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए हाई रिस्क प्रेग्नेंट महिलाओं की समयबद्ध पहचान, ट्रैकिंग, नियमित फॉलोअप एवं विशेष मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके और प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने अस्पताल में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, उच्च जोखिम गर्भावस्था प्रबंधन, संस्थागत प्रसव, मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं तथा गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा राज्य सरकार एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा, हेल्थ मैनेजर डॉ. प्रबल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. राजश्री चालिया एवं डॉ. सुमन कंवर, लेबर रूम प्रभारी रूपाराय, नर्सिंग ऑफिसर अमित वशिष्ठ, कौशल्या अरोड़ा, मोनिका आचार्य सहित चिकित्सक, नर्सिंग एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel