तोड़फोड़ पर रोक, किसानों को सिंचाई जल, प्रभावितों को मुआवजा और छात्रों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की उठी मांग

 कं भारत टाइम्स, बीकानेर



बीकानेर/पूगल, 22 जुलाई। विधानसभा क्षेत्र खाजूवाला के पूगल उपखंड मुख्यालय पर मंगलवार को हजारों किसानों, मजदूरों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने विभिन्न जनहित मांगों को लेकर विशाल जनप्रदर्शन किया तथा उपखंड कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन की शुरुआत अंबेडकर भवन, पूगल से हुई, जहां से उपखंड कार्यालय तक विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से भाग लेते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पूगल चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

उपखंड कार्यालय के समीप आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने क्षेत्र में बॉर्डर क्लीन अभियान, वन विभाग एवं राजस्व विभाग की कार्रवाई के नाम पर मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों पर की जा रही तोड़फोड़ पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने, किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल देने तथा नीट परीक्षा और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई सहित अन्य जनहित के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई।

जनसभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने उपखंड कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री तथा जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी, पूगल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने, किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने तथा जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और गंगा-जमुनी संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। बड़ी संख्या में किसानों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने प्रदर्शन को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया। आयोजकों ने आंदोलन को सफल बनाने वाले सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel