कं भारत टाइम्स, बीकानेर
बीकानेर, 29 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग (बीकानेर ग्रामीण) की नव-नियुक्त कार्यकारिणी की पहली बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को वेटरनरी ऑडिटोरियम में जिला अध्यक्ष सत्तू खान पड़िहार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चौपदार मुख्य अतिथि रहे, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, जनसंपर्क बढ़ाना तथा आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की तैयारियों को गति देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत हाल ही में हुए नीट पेपर लीक प्रकरण एवं सीबीएसई परिणाम गड़बड़ी से जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग एवं शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के नेतृत्व में ‘पीडीएएम सुधारो जनआंदोलन’ को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर नियुक्ति पत्र एवं परिचय पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि एम.डी. चौपदार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द एवं संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग की जिम्मेदारी केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को पार्टी और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने और संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि सुशीला रामेश्वर डूडी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं को समाज की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, मंगलाराम गोदारा, लक्ष्मण कड़वासरा, मदनगोपाल मेघवाल, मकसूद अहमद, विक्रम स्वामी, एम.एस. प्रीत सिंह बराड़ सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक एकजुटता, जनसेवा और संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया। अंत में जिला संगठन महासचिव प्रह्लाद सिंह मार्शल ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समारोह में उपस्थित रहे।

0 Comments