BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पांचू ब्लॉक की ग्राम पंचायत किशनासर में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर का निरीक्षण पूर्व विधायक श्री बिहारी लाल बिश्नोई तथा श्री कैलाश बिश्नोई द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
शिविर प्रभारी और सहायक कलेक्टर श्री रवि कुमार, विकास अधिकारी श्री जसवंत सिंह बिश्नोई, नायब तहसीलदार श्री सुरेश डारा, सहायक विकास अधिकारी श्री श्रवण कुमार, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी श्री सन्दीप कुमार, गिरदावर श्री नरसी जी, पटवारी श्री बजरंग लाल तथा ग्राम विकास अधिकारी श्री रामस्नेही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस दौरान उपस्थित रहे।
राजस्व विभाग द्वारा 4 सीमाज्ञान, 3 खाते विभाजन, 13 नामांतरण तथा 13 खातों में शुद्धिकरण की कार्यवाही की गई। रास्तों से संबंधित 2 प्रकरण चिन्हित किए गए, जिनमें से 1 प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत द्वितीय किश्त के 16 एवं तृतीय किश्त के 18 भुगतान जारी किए गए। पट्टों के 18 आवेदन प्राप्त हुए तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 शौचालय स्वीकृतियां जारी की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा 37 पशुओं की ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं, 60 पशुओं का टीकाकरण किया गया तथा 110 पशुओं को कृमिनाशक औषधियां वितरित की गईं।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 10 पशुओं का बीमा कर पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा 407 कृषकों एवं ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। विद्युत विभाग को 4 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत संबंधी 1 आवेदन प्राप्त हुआ, जिस पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
आयोजना विभाग द्वारा 4 नए परिवारों का जनाधार नामांकन किया गया, 16 नए सदस्यों को जनाधार से जोड़ा गया तथा 102 जनाधार अभिलेखों में आवश्यक संशोधन किए गए। 1 जनाधार शिथिलता प्रकरण का निस्तारण किया गया। मृत्यु प्रमाण पत्र में लिपिकीय त्रुटि सुधार हेतु एक प्रकरण जिला स्तर पर प्रेषित कर त्रुटि सुधार किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनधन योजना के 4 आवेदन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 3 आवेदन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 10 आवेदन तथा अटल पेंशन योजना के 5 आवेदन प्राप्त किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को 5 नवीन पात्र परिवारों में आधार सीडिंग की गई, 6 एनएफएसए परिवारों की ई-केवाईसी पूर्ण की गई तथा 7 परिवारों की एलपीजी आईडी मैपिंग की गई। वन विभाग द्वारा 5 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 101 रोगियों की ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। 85 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 3 व्यक्तियों की कैंसर स्क्रीनिंग तथा 10 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 18 लाभार्थियों की केवाईसी की गई तथा 7 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (च्भ्म्क्) द्वारा जल रिसाव संबंधी प्राप्त 5 प्रकरणों में से 4 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पेयजल संबंधी 2 प्रकरणों में से 1 का समाधान शिविर स्थल पर ही किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समाधान किया गया। साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा गया।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को साकार करते हुए ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी एवं सफल पहल साबित हुआ।

0 Comments