BREAKING NEWS
Welcome to K Bharat Times | Edit this text in the XML: Search for "kb-breaking" to change headlines.

बीकानेर का दौरा करेंगी एम्स की प्रसूति और स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना मल्होत्रा, चिकित्सकों को नियमित मिलेगा प्रशिक्षण

 Kanchan Times Today, बीकानेर




बीकानेर, 19 जून। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल की मौजूदगी में एम्स, नई दिल्ली के प्रसूति और स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना मल्होत्रा के साथ बीकानेर के चिकित्सा शिक्षा तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक सोमवार को आयोजित हुई।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि एम्स, दिल्ली के विशेषज्ञ स्त्री रोग चिकित्सकों द्वारा बीकानेर के पीबीएम अस्पताल सहित जिला, उप जिला तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक के स्त्री रोग विशेषज्ञों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। एम्स की प्रसूति और स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मल्होत्रा, शीघ्र ही बीकानेर के दौरे पर आएंगी तथा अस्पतालों के निरीक्षण के साथ चिकित्सकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। श्री मेघवाल ने कहा कि एम्स, दिल्ली में डब्लूएचओ के प्रसव एवं मातृत्व विभाग के सेंटर को भी पीबीएम अस्पताल से जोड़ा जाएगा, जिससे यहां के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण मिलता रहे। 

श्री मेघवाल ने कहा कि जिले के  पांच उप जिला अस्पतालों को हरियाणा के बल्लभगढ़ की तर्ज पर एम्स से संबद्ध करवाकर इन्हें मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ क्षेत्र की प्रसूताओं को प्रसव के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन और चिकित्सा सुविधा मिले, इसके मद्देनजर किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव और मातृ-शिशु के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने बल्लबगढ़ अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में पूर्व में सेवाएं दे चुके, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध को पांच केंद्रों का चयन करते हुए आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल की पहल पर एम्स, दिल्ली द्वारा पीबीएम सहित जिले के अन्य अस्पतालों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी की पहली बैठक दो पूर्व वर्चुअल मोड पर आयोजित हुई और एम्स के चिकित्सकों ने पीबीएम के चिकित्सकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही पीबीएम के साथ निचले स्तर के चिकित्सा संस्थानों को भी सुदृढ़ करने का सुझाव दिया। इसी श्रृंखला में सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक हुई। 

वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार वर्मा, डॉ. परमेंद्र सिरोही, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष तथा बागड़ी जिला अस्पताल, नोखा के अधीक्षक डॉ. सुनील बोथरा सहित चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments

Join WhatsApp Channel